कांग्रेस के रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से प्रदीप थपलियाल को प्रत्याशी घोषित करने के बाद संभावितों की दौड़ में शामिल पदाधिकारियों ने बगावत शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर संयुक्त रूप से पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी को निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारने की बात कही है।
टिकट नहीं मिलने नाराज पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, अंकुर रौथाण, गजेंद्र पंवार और बीरेंद्र बुटोला ने पार्टी हाईकमान पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। कहना है कि पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है, जिन्होंने 2017 के विस चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। कहा कि यदि पार्टी ने जल्द अपना फैसला नहीं बदला तो सभी वरिष्ठ कांग्रेस अपने पदों से इस्तीफा देकर पूर्व काबीना मंत्री मातबर सिंह कंडारी को संयुक्त प्रत्याशी घोषित कर उन्हें निर्दलीय चुनाव मैदान में उतारेंगे। पूर्व जिपं अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा की है। इधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशी के लिए एकजुट होकर कार्य करने अपील की है।