रविवार को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के कई अनुभागों का कोटेश्वर अस्पताल शिफ्टिंग के विरोध में
- फोटो : RUDRAPRYAG
जिला चिकित्सालय से कई महत्वपूर्ण चिकित्सकीय अनुभागों को शंकराचार्य माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर शिफ्ट करने के विरोध में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों का विरोध चौथे दिन भी जारी रहा। इस मौके पर जिला चिकित्सालय से केदारनाथ तिराहे तक जुलूस भी निकाला गया। कहना था कि जब तक शिफ्टिंग कार्य बंद नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
रविवार को जिला चिकित्सालय में धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा हड्डी रोग, ईएनटी और जनरल सर्जरी अनुभाग को कोटेश्वर अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। जबकि आने वाले दिनों में दंत चिकित्सा सहित अन्य कई अनुभागों को भी शिफ्ट करने की योजना बताई जा रही है, जो पूरी तरह से अनुचित है। कहा कि जिला चिकित्सालय बदरीनाथ हाईवे से लगा है, जहां पर 24 घंटे कहीं से भी बीमार, घायल को भर्ती किया जा सकता है। लेकिन कोटेश्वर अस्पताल तक जाने के लिए उन्हें अतिरिक्त पांच से छह किमी दूरी तय करनी पड़ेगी। प्रदर्शनकारियों में व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्रमोहन सेमवाल, जिपं सदस्य नरेंद्र बिष्ट, सभासद संतोष रावत, जसपाल भारती, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप बगवाड़ी, जोत सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।