रुद्रप्रयाग। निर्माणाधीन रुद्रप्रयाग-बाईपास सुरंग (900 मीटर) के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा करने और प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की।
रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता संगम बाजार में एकत्रित हुए और बाईपास सुरंग के विरोध में धरना दिया। कहा कि इस सुरंग निर्माण से बेलनी, सांदर, संगम बाजार, जगतोली में आवासीय मकानों को नुकसान पहुंचने लगा है। सुरंग निर्माण से भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। नगर कांग्रेस रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष प्रशांत डोभाल ने कहा कि केदारनाथ बाईपास से बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सुरंग के शुरुआत से अंतिम छोर तक अब तक बहुत से मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं। कहा कि कार्यदायी संस्था भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी व जिला प्रशासन भवनों का आंकलन तैयार कर मुआवजा बांटे। कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के कारण मुख्यालय से सटा औण, डांगसेरा, पुनाड़ गांव खतरे की जद में है। इस मौके पर कांग्रेस नेता सूरज नेगी, दीपक भंडारी, नरेंद्र रावत, सीके गैरोला, राजू जोशी सहित अन्य मौजूद थे। संवाद