रुद्रप्रयाग। 11 जनवरी से नई दिल्ली में शुरू हो रहे दो दिवसीय भारतमंडप में राष्ट्रीय यंग लीडर डायलॉग में रुद्रप्रयाग जनपद के बीरों-देवल निवासी प्राची डिमरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम में संवाद करेंगी। छात्रा की इस उपलब्धि पर नेहरू युवा केंद्र, युवा कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने खुशी जताई है।
बीते वर्ष 27 नवंबर से 20 दिसंबर तक भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से संबद्ध नेहरू युवा केंद्र ने जिला स्तर पर 10 विषयों पर विकसित भारत क्विज और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
इस प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बीरों-देवल गांव की प्राची डिमरी ने 26 दिसंबर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया और राष्ट्रीय के लिए चुनी गईं। गढ़वाल विवि श्रीनगर गढ़वाल से गणित विषय से पीएचडी कर रही छात्रा अब, 11 व 12 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल ने बताया कि प्राची जनपद से एकमात्र प्रतिभागी हैं, जो राष्ट्रीय स्तर के लिए चुनी गई है।
छात्रा के राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री के साथ संवाद करना युवा पीढ़ी के लिए गौरव की बात है। इधर, प्राची ने बताया कि यह उनके जीवन की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि उन्हें देश के प्रधानमंत्री के साथ संवाद का मौका मिल रहा है। संवाद
रामकुमार। - फोटो : रामकुमार। संवाद