रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाटपुल के पास गड्ढे भरने के एक सप्ताह बाद ही सड़क फिर खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भरने से वाहनों के गुजरने पर कीचड़ राहगीरों और दुकानों तक पहुंच रहा है। इससे व्यापारी, स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग परेशान हैं।
पूर्व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राय सिंह बिष्ट ने कहा कि गड्ढा मुक्त सड़क के दावे किए जा रहे हैं लेकिन सड़क की स्थिति कुछ और ही बयां कर रही है। कीचड़ दुकानों तक पहुंचने से ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। कांग्रेस नेता सूरज नेगी ने आरोप लगाया कि गड्ढे भरने के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। मरम्मत के कुछ दिन बाद ही उसी जगह फिर गड्ढे बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 15 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे लेकिन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति दावों की हकीकत बता रही है। स्थानीय हिमांशु कंडारी ने बताया कि वाहनों से उछलने वाला कीचड़ बच्चों और राहगीरों के कपड़ों पर पड़ता है। उन्होंने विभाग से गड्ढों की वजह तलाशने, जल निकासी दुरुस्त करने और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।