दुबई में शनिवार से शुरू हो चुके आईपीएल टी-20 में अपने गांव की बेटी को एंकरिंग करता देख क्वीली-कुरझण गांव में खुशी का माहौल है। तान्या पुरोहित की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी है।
गढ़वाल विवि से पत्रकारिता की पढ़ाई के साथ ही तान्या का थिएटर से भी गहरा रिश्ता रहा है। उनके पिता प्रो. दाताराम पुरोहित स्वयं गढ़वाल विवि में अंग्रेजी के शिक्षक होने के बावजूद लोक संस्कृति के संरक्षण व प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित हैं। अब उनकी बेटी तान्या के आईपीएल टी-20 में टॉप एंकरिंग के लिए चयन ने रुद्रप्रयाग जिले को नई पहचान देने का काम किया है। जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह, विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक मनोज रावत, पूर्व विधायक शैलारानी रावत व आशा नौटियाल, नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिक्वांण, नपं अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल, पूर्व जिपं अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने तान्या के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे जिले की अन्य प्रतिभाओं को भी प्रेरणा मिलेगा। उधर, तान्या के मूल गांव क्वीली-कुरझण में भी खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासी व शिक्षक एसपी पुरोहित, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पुरोहित सहित ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया है।