रुद्रप्रयाग। बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण केदारनाथ धाम का पैदल मार्ग फिसलन भरा हो गया है जिससे यात्री चोटिल हो रहे हैं। रविवार देर रात मीठा पानी के पास एक यात्री पैर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्यप्रदेश निवासी अनूप रैकवार का पैर फ्रैक्चर हो गया। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र की टीम मौके पर पहुंची और घायल को जंगलचट्टी लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे स्ट्रेचर से चीरबासा हेलिपैड और फिर गौरीकुंड पहुंचाया गया। वहां से एंबुलेंस के जरिये उन्हें अस्पताल भेजा गया। फिलहाल घायल का उपचार चल रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से फिसलन को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की। संवाद
बिछड़े श्रद्धालुओं को मिलाया, खोया मोबाइल लौटाया
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की मदद भी कर रही है। सोमवार को भीड़ और विषम परिस्थितियों के बीच पुलिस ने कई बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया वहीं खोया सामान भी लौटाया। सोमवार को नेपाल निवासी गोमती शाही सोनप्रयाग में परिजनों से बिछड़ गई थीं जिन्हें होमगार्ड शिव प्रसाद मलवाल ने खोजकर परिवार से मिलाया। वहीं रुड़की निवासी सरोज को भी पुलिस ने तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। गाजियाबाद निवासी विवेक त्यागी की पुत्री तनिका भी भीड़ में अलग हो गई थी जिसे पुलिस ने पिता से मिलवाया। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु का मंदिर परिसर में खोया मोबाइल आरक्षी दीपक भारती ने बरामद कर पीए सिस्टम के माध्यम से सूचना देकर सुरक्षित सौंप दिया। संवाद