उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से मैदान को अधिग्रहीत करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुलाबराय मैदान में हेलीपैड का निर्माण किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गुलाबराय मैदान में हेलीपैड निर्माण संबंधी कार्यों के लिए एक टीम जेसीबी सहित पहुंची थी। इसकी खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि व युवा भी मैदान पर पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। उनका कहना था कि गुलाबराय मैदान ही मुख्यालय में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक, सामाजिक, क्रीड़ा व अन्य गतिविधियों के संचालन का एकमात्र स्थान है।
शासन-प्रशासन यहां पर हेलीपैड बनाकर इसका अधिग्रहण करने की कोशिश कर रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मैदान में किसी भी सूरत में हेलीपैड का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
विरोध की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी सदर सीएस चौहान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने लगे। बाद में निर्णय लिया गया कि जल्द ही स्थानीय लोगों, प्रशासन, नगर पालिका व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक में हेलीपैड निर्माण के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा नेता भरत सिंह चौधरी, पूर्व सभासद अजय सेमवाल, ओमप्रकाश पोखरियाल, संदीप, विकास डिमरी, तरुण पंवार आदि उपस्थित थे।
इधर, नगर पालिका सभासद दीपांशु भट्ट ने कहा कि गुलाबराय मैदान में हेलीपैड निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। जन भावनाओं की उपेक्षा करने पर वह अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे।