होली के त्यौहार और यात्रा को देखते हुए बाजार का औचक निरीक्षण करने गई खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिना पंजीकरण के चल रहे पांच व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस जारी किए। इसके अलावा मिठाई सहित खाद्य सामग्री के भरें गए 6 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
डीएम रंजना के निर्देश पर खाद्य अभिहित अधिकारी प्रमोद रावत व खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत सिंह चौहान ने मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग में किराना स्टोर, मिठाई की दुकानों व होटल/ढाबा का औचक निरीक्षण किया। जहां मेदा, सूजी, खाने का तेल और सिवई के सैंपल जांच के लिए भरे गए। इस मौके पर कई दुकानों से एक्सपायरी सामग्री भी नष्ट कराई गई। टीम ने मिष्ठान भंडार व होटल संचालकों को साफ-सफाई के विशेष निर्देश दिए।
टीम की ओर से तिलवाड़ा, सुमाडी, अगस्त्युमिन और विजयनगर में भी सघन निरीक्षण किया। यहां बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे प्रतिष्ठान के संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब देने को कहा गया है। अभिहित अधिकारी ने बताया कि जो सैंपल लिए गए हैं, उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। नमूने फेल होने की स्थिति में संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।