आगामी चारधाम यात्रा में सफल यातायात संचालन को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन व अन्य लोगों के साथ बैठक की। इस मौके पर यात्रा को देखते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग में सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। साथ ही यात्रा संचालन के हिसाब से समय के बदलाव किया जाएगा। वन-वे व्यवस्था में एंबुलेंस को छूट रहेगी।
उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा को सुगम व सरल बनाने के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल से आर्मी बैंड तक सड़क किनारे खड़े किए जा रहे चौपहिया वाहनों को गुलाबराय मैदान व दोपहिया वाहनों को पुरानी तहसील के समीप चौड़ स्थान पर खड़ा किया जाएगा। रुद्राबैंड से डाटपुल होते हुए केदारनाथ तिराहे पर कोई वाहन खड़ा नहीं किया जाएगा। साथ ही मुख्य बाजार में पीपल पेड़ व हनुमान मंदिर के समीप दोपहिया वाहनों की पार्किंग को भी यात्राकाल के दौरान हटाया जाएगा। एसडीएम ने रुद्रप्रयाग नगर में फुटपाथ खाली रखने के लिए नगर पालिका को निर्देश दिए। कहा कि यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग बाजार में मालवाहक वाहनों की लोडिंग व अनलोडिंग रात्रि 8 बजे से सुबह 8 बजे तक रहेगी। उन्होंने दुकानदारों, होटल, लॉज संचालकों से अपने प्रतिष्ठानों में मूल्य सूची चस्पा करने के आदेश दिए। बैठक में नगर क्षेत्र में बढ़ते लावारिस पशुओं को लेकर भी चिंता जताई गई। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, कोतवाल जयपाल सिंह नेगी, यातायात निरीक्षक श्याम लाल, व्यापार संघ जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना, व्यापार संघ नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन सेमवाल, पदम सिंह रावत, हिमपाल भंडारी, अशोक शर्मा हरीश बिष्ट, अभिषेक पंवार, किशन त्रिवेदी, एसएन देवली और पुष्कर सिंह आदि मौजूद थे।