रुद्रपुर के कलक्ट्रेट में एक अधिकारी की रेपिड एंटीजन टेस्ट लेते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। लोनिवि के वरिष्ठ इंजीनियर के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद विभाग के साथ ही अन्य अधिकारियों में भी हड़कंप मचा है। कोरोना जांच से पहले इंजीनियर ने छह जुलाई को आपदा प्रबंधन की बैठक में हिस्सा लिया था। इसके बाद बैठक में शामिल अधिकारियों के साथ ही कलक्ट्रेट के 317 अधिकारी और कर्मचारियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट कराए गए हैं। इधर, बैठक में शिरकत करने वाले पुलिस के एक अधिकारी का तबादला होने के बाद उन्होंने जांच के लिए सैंपल दिया है, इसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
कलक्ट्रेट सभागार में छह जुलाई को आपदा प्रबंधन की बैठक में डीएम, एसएसपी सहित 18 जिला स्तरीय अधिकारियों ने शिरकत की थी। बैठक में शिरकत करने वाले पीडब्लूडी के एक इंजीनियर 10 जुलाई को पंतनगर एयरपोर्ट से फ्लाइट से जौलीग्रांट और वहां से अपने देहरादून स्थित आवास में चले गए थे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में इंजीनियर का सैंपल जांच के लिए लिया गया था। 13 जुलाई को रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी। इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई थी। बैठक में शिरकत करने वाले सभी अधिकारियों के टेस्ट कराए गए हैं। इसके अलावा कलक्ट्रेट परिसर में एसडीएम प्रशासन, एडीएम नजूल, एसएलओ, ओसी कलेक्ट्रेट सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए। बैठक में शिरकत करने वाले तत्कालीन एसएसपी और सेनानायक आईआरबी बैलपड़ाव ने भी जांच के लिए सैंपल दिया है। इस संबंध में एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने डीएम नैनीताल को पत्र भेजा था और कापी सेनानायक को भेजी गई है। इधर, एडीएम प्रशासन जगदीश कांडपाल ने बताया कि बैठक में शामिल अधिकारियों ने टेस्ट कराए हैं। इधर जिला अस्पताल के आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि रैपिड एंटीजन टेस्ट में सभी सैंपल निगेटिव पाए गए थे।
एक अधिकारी ने एहतियातन किया सेल्फ क्वारंटीन
रुद्रपुर। विकास भवन के एक अधिकारी ने बीते दस जुलाई को खटीमा में एक बैठक में शिरकत की थी। इस बैठक में शामिल एक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद अधिकारी ऐहतियातन अपने घर में क्वारंटीन हो गए हैं। वे अपना टेस्ट कराने की कार्यवाही भी कर रहे हैं।