जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने मानसून सीजन में सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय में बने रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा की दृष्टि से अपनी तैयारियों को पूरा रखने और समय-समय पर क्षेत्र भ्रमण करने को भी कहा।
जिला योजना की बैठक में डीएम ने जिला, राज्य व केंद्र सेक्टर सहित वाह्य सहायतित योजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा की। कहा कि जिन विभागों की ओर से वर्ष 2016-17 के तहत अब तक चालू योजनाओं के सापेक्ष 33 प्रतिशत राशि अवमुक्त करने के लिए वित्त व प्रशासनिक स्वीकृति नहीं ली गई है, वे विभागाध्यक्ष सीडीओ के माध्यम से अपने फाइलें तैयार कर लें।
इस मौके पर डीएम ने बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के लिए सीडीओ को अगस्त तक लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। उन्होंने वन विभाग को कैंपा योजना को राज्य सेक्टर में संचालित करने के निर्देश देते हुए ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी, स्कूलों व जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामुदायिक पौधरोपण की बात कही। स्वजल की ओर से अवमुक्त धनरिाश के सापेक्ष शत-प्रतिशत व्यय पर सीडीओ को समीक्षा के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ डीआर जोशी ने बताया कि जिला योजना में चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुमोदित परिव्यय 49 करोड़, 44 लाख के सापेक्ष विभागों को योजनाओं के लिए 12 करोड़, 44 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। इस मौके पर उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी मौजूद थे।