मेडिकल के क्षेत्र में करियर की चाह रखने वाली बेटियों को अब नर्सिंग की पढ़ाई के लिए अन्यत्र शहरों की दौड़ नही लगानी पड़ेगी। तल्लानागपुर के ग्राम पंचायत कोठगी में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण इसी वर्ष शुरू होगा, जिसके लिए राज्य सरकार ने 30 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
अगस्त्यमुनि ब्लॉक के कोठगी में कॉलेज निर्माण के लिए भूमि चिह्नित होने के साथ जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। साथ ही शासन से भी कॉलेज निर्माण के लिए 30 करोड़ स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस माह में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान नर्सिंग कॉलेज निर्माण के लिए भूमि पूजन के साथ कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यहां बीएससी नर्सिंग पहले वर्ष वर्ष 40 से 50 सीटें निर्धारित होंगी। इसके बाद आने वाले वर्षों में मेडिकल से जुड़े अन्य पाठ्यक्रमों को शामिल कर सीटों की संख्या में वृद्धि की जाएगी। विधायक भरत सिंह चौधरी ने बताया कि कॉलेज में मेधावी गरीब छात्राओं को प्रवेश के लिए अलग से सीट निर्धारित की जाएगी।