राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन, जिला इकाई ने नौ सूत्री मांगों को लेकर अपना विरोध शुरू कर दिया है। सीएमओ कार्यालय व कोविड-केयर सेंटर में तैनात कर्मियों ने बांह पर काला फीता बांधकर आधे दिन कार्य करते हुए मांगों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष विपिन सेमवाल के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय व शंकराचार्य माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर सहित अन्य विभागीय कार्य में तैनात एनएचएम कर्मियों ने विरोध किया। कहना था कि वे लंबे समय से शासन व मिशन को स्थिति से अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। मांगों के समर्थन में कोविड-19 सैंपलिंग, चेक स्क्रीनिंग, सर्विलांस, रिपोर्टिंग, काउंसलिंग, आइसोलेशन सहित अन्य कार्यों में जुटे एनएचएम कर्मी दोपहर एक बजे के बाद होम आइसोलेशन में चले गए। कर्मियों के आधे दिन कार्य के चलते दोपहर बाद व्यवस्थाओं पर व्यापक असर पड़ा। संगठन के जिलाध्यक्ष विपिन सेमवाल ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में 27 मई तक शासन-प्रशासन को 9 सूत्री मांगों के ज्ञापन प्रेषित किए गए थे। जबकि शुक्रवार 28 मई से 31 मई तक दूसरे चरण में बांह पर काला फीता बांधकर विरोध करते हुए आधा दिन होम आइसोलेशन पर रहेंगे। कहा, यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो एनएचएम कर्मचारी आगामी एक व दो जून को पूरे दिन होम आइसोलेशन में रहेंगे। इस अवसर पर हिमांशु नौडियाल, विपिन खन्ना, डा. मनवर सिंह, हरेंद्र नेगी, मुकेश बगवाड़ी, नागेश्वर, सुमन जुगराण, हेमलता गैरोला, आशुतोष पंवार, राहुल शाह, जुगरान, हेमलता गैरोला, ज्योति नाथ, सोनिका, सुशील, सचिन चंदेल, सिमरन, स्वाती, चित्रा, सपना आदि मौजूद थे।