जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला चिकित्सालय में मरीजों को दवा अस्पताल से भी मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दवाओं की सूची तैयार कर अस्पताल प्रबंधन को सौंपी है, जिसके तहत आपातकाल में ही मरीज या तीमारदार से दवा बाहर से मंगाई जाएगी।
जिला चिकित्सालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को जिला चिकित्सालय व माधवाश्रम अस्पताल के ऑडिट के आदेश भी दिए। समिति के सचिव/मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राजीव सिंह पाल ने बताया कि जिला चिकित्सालय में पैथोलॉजी लैब फर्नीचर, बिजली सामग्री, ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिए फर्नीचर और सीसीटीवी कैमरा से जुड़े कार्य पूरे कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के वार्डों, प्रशासनिक कक्ष, आयुष भवन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। साथ ही चिकित्सालय के मुख्य गेट पर स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त लगे अन्य साइन बोर्ड को हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीके शुक्ला, वरिष्ठ चिकित्सक डा. राजीव गैरोला, प्रशांत बिष्ट आदि मौजूद थे।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने कोटेश्वर स्थित माधवाश्रम अस्पताल का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सक डा. मनोज बडोनी आदि मौजूद थे।