रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। धाम में करीब डेढ़ फीट से अधिक ताजी बर्फ गिरी। वहीं जिला मुख्यालय सहित निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से काश्तकारों ने राहत की सांस ली है।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। केदारनाथ में सुबह से ही हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी जो दिन चढ़ने के साथ तेज होती गई। यहां तैनात पुलिस कार्मिकों के अनुसार, धाम में लगभग डेढ़ फीट तक ताजी बर्फ गिरी है। मंदिर परिसर, मंदिर मार्ग से लेकर अन्य स्थानों पर डेढ़ से पौने दो फीट तक बर्फ जमा हो चुकी है। वहीं, केदारनाथ-गौरीकुंड पैदल मार्ग पर भीमबली तक बर्फ गिरी है। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। वहीं जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से लेकर निचले इलाकों में बारिश हुई है। लंबे समय बाद हुई बारिश से काश्तकारों ने कुछ राहत की सांस ली है मगर यह खेती के लिए नाकाफी है।