जिले में सोमवार से मनरेगा, सिंचाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्य शुरू हो जाएंगे। लॉकडाउन के तहत कुछ राहत देते हुए सरकार ने इन कार्यों को शुरू कराने का निर्णय लिया है। लेकिन इस दौरान निर्धारित गाइड लाइन का पालन करना होगा। श्रमिकों को मास्क लगाना होगा, शारीरिक दूरी रखनी होगी। वहीं, मजदूरों के नाम, पते के साथ ही लॉकडाउन से पूर्व शुरू और वर्तमान में किए जा रहे कार्यों की सूची कंट्रोल रूम को सौंपनी होगी।
डीएम मंगेश घिल्डियाल ने अधिकारियों के साथ रविवार को इस संबंध में बैठक की। उन्होंने डीडीओ से प्राथमिकता से होने वाले कार्यों को चिन्हित कर उनकी सूची भी मांगी। डीएम ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस वितरण के दौरान भी शारीरिक दूरी का पालन करने और शेड्यूल के हिसाब से गैर वितरण पर जोर दिया। किसानों को गाइड लाइन के अनुसार खेती कार्य करने में छूट और बीज/उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही पशु चारे की कमी को दूर करने और दुग्ध सप्लाई नियमित बनाने को कहा गया।