अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम पंचायत सन के क्यार्क गांव में एक व्यक्ति ने पानी भर रहे दो बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया और एक नाबालिग को पत्थर मारकर घायल कर दिया। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ राजस्व उप निरीक्षक में तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। वहीं राजस्व उप निरीक्षक ने मामले में आरोपी, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजस्व उप निरीक्षक को दी गई तहरीर में गांव के इंद्रमोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि बीते 3 जून को उसकी छोटी बेटी व उसका भाई सार्वजनिक पानी की टंकी पर पानी भर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही राजेंद्र सिंह बिष्ट वहां आ धमका और बेटी को गाली देते हुए दुर्व्यवहार करने लगा। इस पर बच्चे रोने लगे, रोने की आवाज सुनकर उनकी बड़ी बहिन वहां पहुंची, तो राजेंद्र सिंह और उसके बेटे ने उस पर पत्थर फेंके। यही नहीं, उसके साथ भी दुर्व्यवहार किया। इस दौरान एक पत्थर बड़ी बेटी के सिर पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बालिका के पिता ने कहा कि आरोपी के साथ उसकी पत्नी और बेटे ने भी लाठी से बच्चों को मारने की कोशिश की। पीड़ित ने जिलाधिकारी को भी मामले से अवगत कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। इधर, राजस्व उप निरीक्षक डीएस रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी, उसकी पत्नी और बेटे के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 427 और 354 में मुकदमा दर्ज किया गया है।