18 वर्ष से अपने मायके खाल-भणगा में तीन बेटियों के साथ रह रही जसोदा देवी की बेटी का विवाह 27 अप्रैल को पुलिस सुरक्षा में होगा। शादी के दौरान अपने पति से उपद्रव मचाने की आशंका को देखते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शादी संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की थी। इस पर फिलहाल वहां दो पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। विवाह समारोह के दौरान मयाली चौकी प्रभारी भी मौजूद रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में जसोदा देवी उनका कहना है विवाह के बाद उसकी तीन बेटियां हुई। बेटियां पैदा होने से पति सतीश चंद्र निवासी मनियार-बांगर उसे उत्पीड़ित करता रहा। यही वजह है कि वह क्षुब्ध होकर 18 वर्ष पहले पति को छोड़कर तीनों बेटियों को लेकर अपने मायके खाल-भणगा आ गई। स्वयं के प्रयास से बेटियों का पालन-पोषण करने के साथ उन्हें पढ़ा रही है। अब बड़ी बेटी का विवाह 27 अप्रैल को है, लेकिन पति इसका का लगातार विरोध कर रहा है। वह कई बार धमका भी चुका है।
महिला ने आशंका जताई कि उसका पति विवाह के दौरान दूल्हे सहित बारातियों के साथ अभद्रता कर सकता है। महिला ने बेटी की मेंहदी से लेकर डोली विदाई तक घर में पुलिस जवानों की तैनाती की गुहार लगाई है। इधर, मयाली पुलिस चौकी प्रभारी कुंवर सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला के घर पर दो पुलिस जवान मंगलवार शाम से तैनात कर दिए गए हैं। 27 अप्रैल को विवाह समारोह के दौरान वे स्वयं भी निरीक्षण को गांव जाएंगे।