रुद्रपुर में खंडा माइक्रो पेटिंग के साथ मनोज कुमार।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। गुरु गोविंद सिंह जी के शहीदी सप्ताह दिवस पर रुद्रपुर के मनोज मनौठियां ने वाहे गुरु लिखे 10 हजार 208 अक्षरों से खंडा की पेंटिंग तैयार की है। मनोज ने कहा कि वह इस पेटिंग को नई दिल्ली के रंजीत नगर स्थित सिख संगत गुरुद्वारे को भेंट करेंगे।
माइक्रो पेंटिंग का शौक रखने वाले गांधी कॉलोनी निवासी मनोज 12 साल की उम्र से अब तक चावल के दाने में ताजमहल, हिंदू धर्म के भगवानों की पेंटिंग, सरसों के दाने में मक्का मदीना की पेंटिंग बना चुके हैं। उन्होंने सुई में छोटे अक्षरों में हनुमान चालीसा को भी लिखा है। मनोज ने कहा कि वर्ष 2007 में उन्हें पंतनगर में राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने सम्मानित किया था। 2016 में सरसों के दाने में मक्का मदीना की पेंटिंग बनाने पर इंडिया स्टार बुक ऑफ रिकार्ड में उनका नाम दर्ज हुआ। वह कहते हैं कि हनुमान जयंती के लिए वह राम-राम के 42 हजार 289 अक्षरों से हनुमान जी की पेंटिंग बनाएंगे। मनोज दावा करते हैं कि 20 सेकेंड में चावल के दाने में कोई भी पेंटिंग बना सकते हैं, इसके साथ ही वह माइक्रो पेंटिंग बनाते समय लैंस का प्रयोग नहीं करते हैं। इस वर्ष मनोज ने बैचलर ऑफ फाइन आर्ट की डिग्री भी हासिल कर ली है।
चावल के दाने में एबीसीडी लिखने से की शुरुआत
रुद्रपुर। मनोज ने कहा कि जब वह 12 साल की उम्र के थे, तब उन्होंने चावल के दाने में एबीसीडी लिखने से शुरुआत की थी। उन्होंने एक माह के भीतर शहीद ऊधमसिंह की फोटो चावल में बना दी थी।