मुख्य विकास अधिकारी भरत चंद्र भट्ट ने बताया कि पंच केदार में तृतीय केदार मद्महेश्वर धाम को सौर ऊर्जा व पवन चक्की से उत्पन्न बिजली से रोशन होगा। उन्होंने कहा कि गौंडार से धाम तक मोबाइल कनेक्टिविटी के लिए जल्द व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने जिले के आखिर गांव को होम स्टे योजना से जोड़ने के लिए ग्राम्य विकास विभाग को निर्देश दिए।
तृतीय केदार मद्महेश्वर धाम पहुंचे सीडीओ ने धाम के हक-हकूकधारियों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने गौंडार गांव में संचालित 100 किलोवाट की लघु जल विद्युत परियोजना के सफल संचालन के लिए भी उरेडा को निर्देश दिया। उन्होंने रांसी अगतोली धार से गौंडार तक सड़क निर्माण में आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी मांगी और ग्रामीणों को भरोसा दिया कि वे समस्या निस्तारण के लिए प्रयास करेंगे। सीडीओ ने मद्महेश्वर यात्रा के दौरान रांसी, गौंडार से लेकर पैदल मार्ग के पड़ावों में मास्क, सैनिटाइजर बांटा।