तहसील मुख्यालय बसुकेदार की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सीएम को ज्ञापन भेजा। डा. आशुतोष भंडारी, भगवती प्रसाद भट्ट, सुदर्शन सिंह भंडारी, प्रेम सिंह भंडारी, देवेंद्र पडियार, चंदन सिंह राणा, मदन सिंह चौहान ने कहा कि तहसील बनने के पांच साल बाद भी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं नहीं जुट पाई हैं। तहसील का संचालन पशुपालन विभाग के दो कमरों में हो रहा है। वहीं, आईटीआई डेढ़ वर्ष से बंद पड़ा है। बैंक सुविधा न होने से लोगों को अगस्त्यमुनि की दौड़ लगानी पड़ रही है। उन्होंने सीएम से तहसील भवन का निर्माण करने, आईटीआई का पुन: संचालन करने, बैंक शाखा खोलने व एटीएम स्थापित करने, अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती, पर्याप्त जलापूर्ति, स्पोर्ट्स कांपलेक्स स्थापित करने, कृषि मंडल व कोल्ड स्थापित करने, बसुकेदार क्षेत्र के मठ-मंदिरों को चारधाम सर्किट में शामिल कर तीर्थाटन को बढ़ावा देने आदि की मांग की।