उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने चिंतन संगोष्ठी में किया आह्वान
अपने अधिकारों के लिए मिलकर करना होगा संघर्ष : बॉबी पंवार
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने प्रदेश में एक सशक्त विकल्प बनाने के लिए आम जनता से प्रदेश को बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि प्रदेश राजनीतिक संकट से जूझ रहा है जिसे बचाने के लिए सबको मिलकर कार्य करना होगा।
जिला मुख्यालय में एक बरातघर में आयोजित चिंतन संगोष्ठी में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के युवा नेता बॉबी पंवार ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के लिए मिलकर संघर्ष करना होगा तभी सत्ता में बैठे लोगों की नींद टूटेगी। आगामी समय में ब्लॉक व न्याय पंचायत स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम कर जनता को जागरूक किया जाएगा। जनता के सुझाव लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूकेड़ी सहित कई अन्य संगठनों के साथ मिलकर एकजुटता का प्रस्ताव रखा जाएगा जिससे सभी को एक मंच पर लाया जा सके। केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे त्रिभुवन चौहान ने कहा कि बदलाव का समय आ चुका है, इसलिए सभी को संगठित होने की जरूरत है। भू-कानून एवं स्थायी निवास संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोहित डिमरी ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के 11 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। स्वाभिमान मोर्चा सबको एकसाथ करने का मंच है। दिनेश मास्टर ने कहा कि अपने हक हकूकों को बचाने का वक्त आ गया है। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर लूसुन टोडरिया, सभासद नमन शर्मा, रमेश टम्टा, जसपाल भारती, पंकज भारती आदि मौजूद थे।