अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं पट्टी के 21 ग्राम पंचायतों की लाइफ लाइन व पौड़ी जिले को जोड़ने वाला खांकरा-कांडई-खेड़ाखाल-खिर्सू मोटर मार्ग 17 दिन बाद यातायात के लिए खोल दिया गया है। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में लोनिवि ने मलबा साफ कर वाहनों का संचालन शुरू करा दिया है लेकिन हालात अब भी नाजुक बने हुए हैं।
12 जून को मूसलाधार बारिश से खांकरा-कांडई-खेड़ाखाल-खिर्सू मोटर मार्ग पर किमी 18 पर खेड़ाखाल में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटने से टनों मलबा सड़क पर गिर गया था। मार्ग बंद होने से क्षेत्र के कई गांवों का जिला व ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क कट गया था। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग की ओर से 15 जून से सड़क को खोलने के लिए दो मशीनों से मलबे की सफाई शुरू की गई थी लेकिन टनों मलबा व भारी बोल्डरों को साफ करने में विभाग को दो सप्ताह लग गए। 28 जून को देर शाम मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है लेकिन पूरी पहाड़ी अति संवेदनशील हो गई है। स्थानीय चंद्रमोहन सिंह कठैत, धीरेंद्र सिंह रौथाण, अजय सिंह रौथाण, मनवर सिंह रावत आदि का कहना है कि बरसात में पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने का खतरा है। इधर, लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र की नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है। हरसंभव प्रयास होगा कि बरसात में सड़क कम से कम समय के लिए बंद हो। इसके लिए खांकरा से खेड़ाखाल के बीच दो मशीनें रखी जा रही हैं।