बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों की हो रही निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग की जिले में बारिश को लेकर जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए रविवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक केदारनाथ यात्रा रोक दी गई। अगस्त्यमुनि, कुंड, गौरीकुंड, सोनप्रयाग में करीब 200 से अधिक यात्रियों को रोका गया। दोपहर एक बजे बारिश थमी तो यात्रियों को रवाना कर दिया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए यात्रा को सुरक्षित पड़ावों पर रोक दिया गया। पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व अन्य राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि मौसम सामान्य होने पर यात्री गंतव्य को रवाना कर दिए गए। उधर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार मौसम और यात्रा मार्गों की निगरानी कर रहे हैं। सोनप्रयाग, गौरीकुंड सहित संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम खराब होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए। वहीं कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रीनगर में रोके गए 400 से अधिक यात्रा वाहन
श्रीनगर। क्षेत्र में लगातार बारिश तथा यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और जाम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन रविवार सुबह चारधाम यात्रा वाहनों को श्रीनगर में रोक दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने करीब 400 से अधिक छोटे-बड़े यात्रा वाहनों को एनआईटी मैदान में खड़ा कराया। यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय समेत जरूरी व्यवस्थाएं की गईं।करीब तीन घंटे बाद मौसम और यातायात की स्थिति सामान्य होने पर वाहनों को रवाना किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही और यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा गया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल यातायात सामान्य है और चारधाम यात्रा वाहनों की आवाजाही सुचारु है। संवाद