श्रद्धालुओं को अब बाबा केदार के दर्शनों के लिए लाइन में खड़े होकर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने क्यू मैनेजमेंट के तहत टोकन सिस्टम शुरू करने का निर्णय लिया है।
केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शनों के लिए प्रशासन श्रद्धालुओं को टोकन जारी करेगा। अंग्रेजी के ए से जे अक्षर तक 10 अलग-अलग रंगों के टोकन श्रद्धालुओं को दिए जाएंगे। ए सीरीज के टोकन में 50 नंबर तक अंकित होगे।
अन्य टोकनों में भी 50-50 नंबर होंगे। इस व्यवस्था के तहत तीन स्थानों पर बायोमैट्रिक पंजीकरण केंद्र, वैलीब्रिज और मंदिर में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इनमें श्रद्धालुओं को दिए गए टोकन नंबर और दर्शन करने का समय जारी किया जाएगा।
डीएम डा. राघव लंगर का कहना है कि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की भीड़ को कम करने और यात्रा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए क्यू मैनेजमेंट के तहत टोकन सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस सुविधा से श्रद्धालुओं को कतार में घंटों खड़ा नहीं होना पड़ेगा।