तिलवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी विशाल मिश्रा। स्रोत सूचना व
मलबा-बोल्डर गिरने से सार्वजनिक शौचालय दबा, दो वाहन फंसे, दो बाइक क्षतिग्रस्त
फोटो -
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग/तिलवाड़ा। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बृहस्पतिवार को केदारनाथ हाईवे तिलवाड़ा और गुप्तकाशी विद्याधाम के पास भूस्खलन और मलबा आने से दिनभर बाधित रहा। इस दौरान यात्रियों के वाहन फंस गए और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मलबा-बोल्डर गिरने से सार्वजनिक शौचालय दब गया, दो वाहन फंस गए और दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।
तिलवाड़ा में बरसाती नाले के उफान पर आने से भारी मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए जिसकी चपेट में आकर नगर पंचायत का सार्वजनिक शौचालय दब गया। एक कूड़ा वाहन व पानी का टैंकर फंस गए और दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि सुबह कुछ देर खुलने के बाद हाईवे बंद होता और खुलता रहा। दोपहर और देर शाम तक मार्ग जेसीबी की मदद से बार-बार सुचारु करना पड़ा। वहीं, गुप्तकाशी विद्याधाम के निकट अपराह्न करीब 3:30 बजे पहाड़ी से चट्टान सड़क पर आ गिरी और हाईवे बंद हो गया। एक वाहन चट्टान की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने तिलवाड़ा पहुंचकर प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को संवेदनशील स्थानों पर मशीनें तैनात रखने, त्वरित मार्ग बहाली सुनिश्चित करने तथा बरसाती नाले के ऊपरी हिस्से का तकनीकी आकलन कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए।
तिलवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी विशाल मिश्रा। स्रोत सूचना व