रुद्रपुर के करतारपुर मार्ग पर कबाड़ की दुकान में लगी आग।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। करतारपुर रोड में स्क्रैप एक गोदाम में शॉर्टसर्किट से आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरे गोदाम को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये का कबाड़ जलने के साथ ही एक कार को भी नुकसान पहुंचा है।
तीनपानी में स्थित द मेडिसिटी अस्पताल के पास करतारपुर रोड पर खेड़ा निवासी बरकत अली का अलफलाह इंटरप्राइजेज और पहाड़गंज निवासी इमरान का बीएस इंटरप्राइजेज नाम से कबाड़ का गोदाम है। शुक्रवार सुबह बरकत के गोदाम से आग का गुबार निकालता देख लोगों ने उनको सूचना दी। इसी बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने पास में ही मौजूद इमरान के गोदाम को भी चपेट में ले लिया। कबाड़ में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक होने की वजह से आग काबू से बाहर हो गई। इससे वहां लोगों में दहशत मच गई और अस्पताल के लोग भी दहशत में आ गए।
सूचना पर दमकल के दो वाहन मौके पर पहुंचे। इसी बीच सिडकुल स्थित फायर स्टेशन भी एक दमकल वाहन को मौके पर बुला लिया गया। दमकल कर्मियों ने मेडिसिटी अस्पताल में बने टैंक से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग की चपेट में बड़ी मात्रा में गोदामों में रखे स्क्रैप के साथ ही इमरान के गोदाम में रखी कार भी आ गई। आग में बरकत ने आठ और इमरान ने 10 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही है।
एफएसओ रामधारी यादव ने बताया कि शॉर्टसर्किट के चलते आग लगी थी। टिनशेडनुमा गोदामों में भारी मात्रा में रखा कबाड़ जला है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग बुझाने वालों में हरीश बोरा, विरेंद्र मौर्य, चंद्रप्रकाश, जगदीश, नवल आदि शामिल रहे।