छह विद्यालयों ने भोजन ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों की गलत भेजी संख्या
सीईओ ने भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री पोषण योजना की ऑटोमैटिक रियलटाइम मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा में छह विद्यालयों के भोजन ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों की गलत संख्या भेजे जाने का मामला सामने आया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने संबंधित छह स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
ऑटोमैटिक रियलटाइम मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा में पाया गया कि इन विद्यालयों ने पंजीकृत छात्र संख्या के सापेक्ष भोजन करने वाले विद्यार्थियों की गलत संख्या एसएमएस के माध्यम से भेजी। इन विद्यालयों में ऊखीमठ का जीआईसी नारायणकोटि, जखोली का जनता जूनियर हाईस्कूल विनोधारा तथा अगस्त्यमुनि के उच्च प्राथमिक विद्यालय सिल्ला, प्राथमिक विद्यालय कौशलपुर, प्राथमिक विद्यालय बौठा धनपुर और राजकीय इंटर कॉलेज कमसाल शामिल है। मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने सभी खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों को संबंधित विद्यालयों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती की पुनरावृत्ति न होने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि योजना का डाटा वास्तविक रूप से परोसे गए भोजन के आधार पर ही दर्ज किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक माह की सात तारीख तक डाटा फीडिंग पूरी कराने और नामांकन के सापेक्ष कम उपस्थिति वाले विद्यालयों की स्थिति की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम पोषण योजना के तहत भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए नियमित निरीक्षण करने को कहा।