ऊखीमठ। तहसील दिवस में ग्रामीणों ने ऊखीमठ-उदयपुर-पैंज-करोखी मार्ग पर अधूरे कार्य को मानकों के अनुसार पूरा नहीं होने पर रोष जताया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी मांगी और तय समय तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बरसात में बदहाल सड़कों से जुड़ीं समस्याएं दर्ज कराईं। इस मौके पर कुल 16 शिकायतें दर्ज हुईं जिसमें ज्यादातर का मौके पर निस्तारण किया गया। किमाणा गांव के निवर्तमान ग्राम प्रधान संदीप पुष्पवान ने भोलेश्वर मंदिर के संरक्षण और सुरक्षा कार्य की मांग की। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक-अभिभावक संघ के सदस्यों ने विद्यालय में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता पद पर तैनाती की मांग उठाई। इस मौके पर उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार प्रदीप नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अखिलेश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी अनुष्का और मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट आदि मौजूद थे। संवाद