केदारनाथ/फाटा। केदारनाथ धाम में 14 वर्षों के अंतराल के बाद केदार सभा के नए कार्यालय का पूजा-अर्चना कर उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मंदिर समिति के कर्मचारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित और क्षेत्र के लोग शामिल हुए।
केदारपुरी की यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने व यात्रा के सफल संचालन में सहयोग के लिए केदार सभा का गठन किया गया था। हालांकि, कार्यालय के अभाव में सभा को विभिन्न प्रशासनिक और व्यवस्थागत कार्यों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब केदारनाथ में कार्यालय खुलने से इन समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की उम्मीद जगी है। केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि केदार सभा धाम की व्यवस्थाओं में सुधार और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, प्रधान पुजारी, टी गंगाधर लिंग, प्रदीप शुक्ला, अरविंद शुक्ला आदि मौजूद रहे। संवाद