भीरी-डमार मोटर मार्ग पर अधूरे पुल का निर्माण पूरा करने के लिए ठेकेदार ने निर्माण सामग्री पहुंचा
भीरी-डमार मार्ग को हाईवे से जोड़ने के लिए नदी पर बनना है पुल
डमार और टेमरिया के ग्रामीण 28 जनवरी से बैठे हैं क्रमिक धरने पर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। वर्ष 2015 में तीन किमी भीरी-डमार मार्ग और मार्ग को गौरीकुंड हाईवे से जोड़ने के लिए मंदाकिनी नदी पर स्टील गार्डर मोटर पुल स्वीकृत हुआ था लेकिन निर्माण नहीं हुआ। पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्राम पंचायत टेमरिया और राजस्व ग्राम डमार के ग्रामीण बीते 28 जनवरी से आंदोलनरत हैं। अब ग्रामीणों के आंदोलन का असर दिखने लगा है।
कार्यदायी संस्था ने कार्यस्थल पर निर्माण सामग्री पहुंचाना शुरू कर दिया है। अगले, दो-तीन दिन में मजदूरों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं आंदोलनरत ग्रामीणों का कहना है कि जब मजदूर पहुंच जाएंगे और काम शुरू हो जाएगा तो आंदोलन समाप्त कर दिया जाएगा।
बीते बृहस्पतिवार से पीएमजीएसवाई के तहत संबंधित ठेकेदार ने पुल निर्माण के लिए सामान कार्यस्थल तक पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। दो दिनों में यहां दो टन से अधिक सरिया पहुंचाया जा चुका है। आने वाले दिनों में अन्य सामग्री और मजदूर भी पहुंच जाएंगे और काम शुरू हो जाएगा। पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता सुनील बरवाल ने बताया कि भू-धंसाव और ट्रीटमेंट कार्य के कारण पुल तय समय पर नहीं बन सका। अब अगले दो माह में पुल का काम पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। दो-तीन दिन में मजदूरों के पहुंचते ही पुल का काम शुरू हो जाएगा। इधर, भीरी-डमार मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगमोहन सिंह भंडारी, सचिव रघुवीर सिंह नेगी और कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मजदूरों के आने के बाद काम शुरू होगा तभी क्रमिक धरना खत्म करेंगे।