अगस्त्यमुनि ब्लॉक के खांकरा, फतेहपुर और जखोली ब्लॉक के कोटली में अतिवृष्टि से कई गांवों में व्यापक नुकसान हुआ। कई आवासीय घरों व गौशालाओं में मलबा घुस गया है। साथ ही कई मकानों को क्षति भी पहुंची हैं। सड़के व पैदल मार्ग भी जगह-जगह बाधित हो गए हैं।
सोमवार शाम को हुई मूसलाधार बारिश के बीच बच्छणस्यूं पट्टी के ग्राम पंचायत खांकरा में ऊपरी जंगल में हुई अतिवृष्टि से चित्रमति नदी उफान पर आ गई। ऐसे में पत्थर व मलबे का सैलाब खांकरा के कई घरों व दुकानों में घुस गया। इस दौरान कई मकानों के आगे पुश्ते भी ध्वस्त हो गए हैं। साथ ही एक ढाबा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उधर, फतेहपुर गांव में भी कई घरों व गौशाला में मलबा घुसा है। भारी मलबे के कारण खांकरा-कांडई-खेड़ाखाल मोटरमार्ग भी फतेहपुर के समीप बाधित हो गया है। इसके अलावा नरकोटा गांव में भी घरों व खेतों में मलबा घुसने से काफी नुकसान की सूचना है। यहां मलबे के कारण बदरीनाथ हाईवे पर अवरुद्ध हो गया है, जिसे एनएच द्वारा मशीनों की मदद से खोल दिया गया है। उधर, जखोली ब्लॉक के कोटली में भी अतिवृष्टि से खेतीबाड़ी को नुकसान की सूचना है। गांव के पैदल रास्ते भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गैरसारी में भी कई घरों में मलबा घुसा है। पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र ममगाईं, प्रदीप मलासी, चंद्रमोहन, मोहित डिमरी आदि ने प्रशासन से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावितों को त्वरित मदद देने की मांग की है।