जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत गर्भवती व धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने नवजात को स्तनपान कराने के लिए प्रेरित किया गया।
अगस्त्यमुनि ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्र सन-क्यार्क, कमेड़ा, डुंगरी, गडमिल, चोपड़ा, थपलगांव, डुंगरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पंजीकृत गर्भवती व धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही भारत व राज्य सरकार की मातृ वंदना योजना, गौरा योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की पात्रता रखने वाली महिलाओं के आवेदन पत्र भराए गए। बाल विकास परियोजना अधिकारी शैली प्रजापति ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में चरणबद्ध तरीके से ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवेदन फार्म भराए जाएंगे। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से मिशन के बारे में ग्राम पंचायतों में अधिकाधिक महिलाओं को जानकारी देने के लिए कहा है। संवाद