राष्ट्रपति की 28 सितंबर को प्रस्तावित केदारनाथ यात्रा के मद्देनजर पुलिस अधिकारी और जवान जिला मुख्यालय पहुंचने लगे हैं। 26 सितंबर शाम तक सभी लोग धाम पहुंच जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। हेलीपैड और बेस कैंप से लेकर रुद्रा प्वाइंट तक के पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील किया जा रहा है।
यहां तीन पुलिस अधीक्षक, सात पुलिस उपाधीक्षक और 200 कांस्टेबल तैनात रहेंगे। रविवार शाम तक अधिकांश अधिकारी व जवान रुद्रप्रयाग पहुंच गए हैं। पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने गौचर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने पुुलिस बल को जरूरी निर्देश भी दिए। उन्होंने हवाई पट्टी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और सोमवार दोपहर बाद से किसी भी प्रकार की आवाजाही को बंद करने के लिए गौचर पुलिस चौकी को निर्देश दिए। बताया कि मौसम खराब होने की स्थिति में महामहिम का हेलीकॉप्टर गौचर हवाई पट्टी पर उतरेगा।
उधर, केदारनाथ में बिजली, पानी और संचार व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारी धाम पहुंच चुके हैं। नगर पंचायत केदारनाथ और सुलभ इंटरनेशनल द्वारा साफ-सफाई और कचरा उठाने का कार्य पूरा कर दिया गया है।
जीएमवीएन द्वारा कॉटेज की सफाई और धुलाई का कार्य लगभग पूरा कर दिया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक डीएस नेगी ने बताया कि सोमवार को नौ काटेज को चाक-चौबंद कर सील कर दिया जाएगा। धाम में एमआई-17 हेलीपैड से लेकर मंदिर तक के रास्ते को चकाचक बनाया जा रहा है। यहां सरस्वती में महामहिम के पंचस्नान के लिए व्यवस्था की गई है।
तीर्थ पुरोहितों में उत्साह
28 सितंबर को राष्ट्रपति के केदारनाथ भ्रमण को लेकर केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। केदारसभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, कुबेरनाथ पोश्ती आदि का कहना है कि तीर्थ पुरोहित समाज भी महामहिम का स्वागत करेगा।