जिला क्रिकेट एसोसिएशन की जिला प्रथम क्रिकेट टीम के चौथे मैच में हरियाली हिल क्लब ने मद्महेश्वर क्लब को दो विकेट से हराया।
खेल मैदान अगस्त्यमुनि में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मद्महेश्वर क्लब ऊखीमठ की टीम 22.2 ओवर में 101 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की तरफ से हरीश गैरोला व गौरव नेगी से 18-18 रन बनाए। हरियाली हिल क्लब के दीपराज ने पांच ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट और शशांक मुयाल व आयुष देवरानी ने दो-दो विकेट प्राप्त किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाली हिल क्लब की टीम की 9 रन पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद मनदीप (19) व नम्र गुसाईं (22) ने 58 रनों की साझेदारी करते हुए 70 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों के आउट होते ही अन्य भी कुछ खास नहीं कर पाए और 89 रन बनाकर 8 खिलाड़ी आउट हो गए। आखिरकार ऋतिक रावत के 20 रनों की मदद से टीम ने मुकाबला दो विकेट से जीत लिया।
शानदार गेंदबाजी के लिए मद्महेश्वर क्लब के गणेश वर्मा को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। मदमहेश्वर क्लब के गणेश वर्मा मैन ऑफ द मैच रहे। इस मौके पर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमलेश जमलोकी, व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन बिष्ट, संयोजक प्रशांत बिष्ट, वीरपाल लाल, सौरभ विष्ट, राहुल जगोठा, संतोष, संजय, सुरेंद्र सुबोध, धर्मवीर आदि मौजूद थे।