अगस्त्यमुनि ब्लॉक के सिल्ला-ब्राह्मणगांव में गुलदार ने आंगन में बैठी डेढ़ वर्षीय बच्ची पर हमलाकर किया और मुंह में दबाकर जंगल की तरफ भाग गया। बच्ची का शव अभी नहीं मिल पाया है। वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ खोजबीन में जुटी है। विभागीय स्तर पर गुलदार को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। तीन शिकारी मौके पर बुला लिए हैं।
शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे सिल्ला ब्राह्मणगांव के जाबर तोक निवासी प्रमोद कुमार की डेढ़ वर्षीय बालिका घर के आंगन में खेल रही थी। तभी, घात लगाए गुलदार ने बच्ची पर झपटा मारा और मुंह में दबाकर उसे जंगल की तरफ ले गया। बच्ची के माता-पिता शोर मचाते हुए कुछ दूर तक उसके पीछे भागे लेकिन गुलदार पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासी व क्षेत्र पंचायत सदस्य सावन नेगी ने तत्काल घटना के बारे में वन विभाग को सूचना दी। लोगों ने काफी तलाश की लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला। इस दौरान कुछ स्थानों पर खून के धब्बे और मांस का टुकड़ा मिला है। रात लगभग सवा दस बजे रुद्रप्रयाग वन विभाग के उत्तरी जखोली रेंज के रेंजर रजनीश लोहानी टीम सहित मौके पर पहुंचे। देर रात तक खोजबीन की गई। लेकिन कुछ पता नहीं चला।
रविवार को प्रभारी डीएफओ जीवन मोहन दगडे के नेतृत्व में रेंजर व अन्य विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सुबह से ही बच्ची की खोजबीन शुरू कर दी गई। साथ ही गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई भी की गई। दोपहर को मुख्यालय से स्वीकृति भी मिल गई। विभाग के आग्रह पर शिकारी जॉय हुकिल समेत दो अन्य शिकारी अजहर खान और जहीर बख्शी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से लेकर दो किमी के दायरे में सघन खोजबीन की जा रही है लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
सुबह-शाम गुलदार की धमक से दहशत
सिल्ला-ब्राह्मणगांव, कोटी, सिनघाटा, डडोली आदि गांवों में गुलदार सक्रिय है। तीन-चार दिन पहले गांव के समीप पलसारी के खेतों में गुलदार दौड़ते देखा गया था। खेतों में काम करने जा रही महिलाओं ने बताया कि गुलदार व उसके बच्चे घूम रहे हैं। दूसरी तरफ विजयनगर-पठालीधार मोटर मार्ग व आसपास के क्षेत्रों में भी गुलदार सुबह-शाम नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि से मार्ग के दो तरफ उगी झाड़ियों को काटने की मांग की है।
गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया है। साथ ही शिकारी जॉय हुकिल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम मौके पर तैनात हो चुकी है। घटनास्थल से दो किमी के क्षेत्र में सघनता से जांच की जा रही है लेकिन अब तक सुराग नहीं मिला है। एक जगह पर खून व मांस का टुकड़ा मिला है। उसे डीएनए सैंपल के लिए रखा गया है। ड्रोन व ट्रैम कैमरा से पूरे क्षेत्र में गुलदार की खोज की जा रही है।
-- जीवन मोहन दगड़े, प्रभारी डीएफओ, वन प्रभाग रुद्रप्रयाग