फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

10 कंपनियों में पकड़ी 10 करोड़ की जीएसटी चोरी

विज्ञापन
रुद्रपुर के सिडकुल की कंपनी में डाक्टर के वेश में कर्मचारी की स्कैनिंग करते एसटीएफ प्रभारी रजनी? - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। राज्य कर विभाग की एसटीएफ ने कोरोना कॉल में मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट बनाकर मुनाफा कमाने के बावजूद जीएसटी चोरी करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग के 40 अधिकारी और कर्मचारियों की 10 टीमों ने ढाई घंटे की जांच में रुद्रपुर, काशीपुर और किच्छा में 10 कंपनियों में छापा मार कर 60 करोड़ के टर्नओवर पर 10 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी है। जीएसटी चोरी का खेल पकड़ में आने के बाद चार कंपनियों ने 15 लाख रुपये जमा कर दिए हैं।
विज्ञापन

शनिवार को राज्य कर विभाग कार्यालय में एडिशनल कमिश्नर वीएस नगन्याल एवं ज्वाइंट कमिश्नर वाईके मित्तल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जीएसटी चोरी की आशंका को देखते हुए 10 कंपनियों के बारे में जानकारी एकत्र की थी। मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट बनाने वाली कंपनियों के साथ ही कोविड केयर सेंटरों में खाना सप्लाई करने वाली दो फर्मों के बारे में सिडकुल, सीएमओ कार्यालय और अन्य जगहों से अभिलेख एकत्र कर जांचे गए थे।
इसके बाद एसटीएफ के रुद्रपुर मंडल प्रभारी रजनीश यशस्वी के नेतृत्व में 10 टीमों ने शनिवार की सुबह 11 बजे से रुद्रपुर, काशीपुर एवं किच्छा की 10 कंपनियों में छापा मारा। सभी कंपनियों में प्रारंभिक रूप से 60 करोड़ रुपये के टर्नओवर पर 10 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी गई है। कुछ कंपनियों ने हाथोंहाथ 15 लाख रुपये टैक्स जमा करा दिया है।
विज्ञापन

सैनिटाइजर, मास्क बनाने वाली तीन कंपनियों और पीपीई किट बनाने वाली एक कंपनी ने 18 प्रतिशत जीएसटी के बजाय पांच प्रतिशत जीएसटी जमा की थी। इसके अलावा पांच कंपनियों ने चार महीनों में जीएसटी जमा ही नहीं किया था। इनमें कोविड केयर सेंटरों में खाना सप्लाई करने वाली दो फर्म भी शामिल हैं। इसके अलावा एक स्टील कंपनी ने पांच महीने से जीएसटी जमा नहीं किया है।
ये अधिकारी रहे टीम में शामिल
डिप्टी कमिश्नर निशिकांत सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद प्रताप सिंह, इशाक खां, विनय ओझा, शैलजा पाठक, सुमन जंगपांगी, राहुल वर्मा, असिस्टेंट कमिश्नर राहुल कांत आर्य, ज्ञानचंद, जीशान मलिक, अनिल सिन्हा, प्रियंका आर्य, सुचि तिवारी, वंदन गिरी, अंजू जोशी व राज्य कर अधिकारी राजीव अग्रवाल, अनिल चौहान, धीरेंद्र भट्ट और अश्विनी कर्णवाल।
कोरोना जांच टीम के वेश में कंपनी में घुसी राज्य कर विभाग की टीम
रुद्रपुर। सिडकुल की सरिया बनाने वाली कंपनी में जीएसटी चोरी पकड़ने के लिए राज्य कर विभाग की टीम ने अनूठा प्रयोग किया। एसटीएफ प्रभारी की अगुवाई में टीम स्वास्थ्य कर्मियों के वेश में कंपनी पहुंची और कोरोना जांच के नाम पर अंदर प्रवेश करने में कामयाब रही। टीम ने कर्मियों को जांच के नाम पर उलझाए रखा और तत्काल दूसरी टीम को कंपनी में बुलवाकर दस्तावेज जांचने और जब्त करने की कार्रवाई कराई।
राज्य कर विभाग की एसटीएफ को सिडकुल की एक आयरन इंडस्ट्री में जीएसटी चोरी करने की जानकारी मिली थी। टीम को मालूम हुआ था कि कंपनी के खुलने के बाद कर्मचारियों को प्रवेश देकर गेट में ताला लगा दिया जाता है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाता है। इसके बाद एसटीएफ ने कंपनी में आसानी से प्रवेश के लिए रणनीति तैयार की।
इसके तहत एसटीएफ प्रभारी रजनीश यशवस्थी ने डॉक्टर का वेश रखा और उनकी टीम के अन्य कर्मी भी स्वास्थ्य कर्मी बनकर रजिस्टर और थर्मल स्क्रीनिंग मशीन लेकर पीपीई किट पहनकर कंपनी गेट पर पहुंचे। जांच के दौरान इस्तेमाल की गई कार पर भी टीम ने कोरोना जांच टीम के नाम से कागज चस्पा किया गया था। उन्होंने गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को बताया कि कंपनी में कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है और वे जांच करने आए हैं।
कंपनी प्रबंधन की अनुमति के बाद टीम अंदर पहुंची और वहां मौजूद कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ ही उनके नाम रजिस्टर में दर्ज करने शुरू कर दिए। कंपनी कर्मी जांच में उलझे रहे और पहले से तैयार विभाग की दूसरी टीम ने कंपनी में प्रवेश कर उत्पादन, विक्रय और टैक्स संबंधी दस्तावेजों को खंगालने के साथ ही तैयार किए जाने वाला सामान भी जांचा। टीमों की कार्रवाई के बाद प्रबंधन को छापा मारने का माजरा समझ आया।
इस कंपनी ने पिछले पांच माह से जीएसटी जमा नहीं किया था। कंपनी को जीएसटी जमा करने के लिए कुछ दिन का समय दिया गया है। संज्ञान में आया था कि कंपनी में आसानी से प्रवेश नहीं मिलेगा और गेट पर प्रवेश के लिए टीम को इंतजार कराने के बाद सामान और अन्य दस्तावेजों में गड़बड़ी की जा सकती है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग की टीम बनकर कार्रवाई की गई थी। - रजनीश यशवस्थी, एसटीएफ प्रभारी, राज्य कर विभाग।

रुद्रपुर में राज्य कर विभाग के सभागार में पत्रकार वार्ता करते एडिशनल कमिश्नर और अन्य।- फोटो : RUDRAPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें