अगस्त्यमुनि ब्लाक के चोपड़ा और रतूड़ा क्षेत्र के गांवों में अनियमित विद्युत कटौती से ग्रामीणों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। यहां दिन में 6 से 8 घंटे तक कटौती हो रही है। रात को भी नियमित रोस्टिंग हो रही है। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम ने सुचारु विद्युत सप्लाई की मांग की है।
एक तरफ लगातार बढ़ रही गर्मी से आमजन बेहाल है, वहीं ऊर्जा निगम की घंटों बिजली कटौती की मार से रोजमर्रा के काम भी प्रभावित रहे हैं। पिछले कई दिनों से कोठगी, छिनका, घोलतीर, मदोला, सारी, चोपड़ा, टिमना, डुंग्री, क्वीली, कुरझण, धारकोट, चापड़, देवलक, गंधारी, गडमिल सहित रतूड़ा और चोपड़ा क्षेत्र के 60 से अधिक गांवों के घंटों बिजली कटौती हो रही है। स्थानीय निवासी देवेंद्र चमोली, पंकज नेगी, वीरेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि कई बार पूरे दिन बिजली गुल हो रही है। जबकि बीते दो दिन भी रात नौ बजे सप्लाई बहाल हो पाई है। हालात इस कदर है कि बीते वर्ष बरसात के बाद से विद्युत लाइनों में फाल्ट से भी बिजली गुल हो रही है। निगम लाइनों की मरम्मत नहीं कर रहा है। इस समस्या से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम व्यापक प्रभावित हो रहे हैं।
इधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मनोज गुसाईं ने बताया कि दो दिन पहले लाइन में फाल्ट आने से बिजली कटौती दिनभर रही थी। डिमांड बढ़ने के सप्लाई प्रभावित हो रही है। बावजूद प्रयास किए जा रहे हैं, कि सभी क्षेत्रों में नियमित बिजली सप्लाई की जाए।