रुद्रप्रयाग पुराने विकास भवन में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम मंगेश
- फोटो : RUDRAPRYAG
डीएम मंगेश घिल्डियाल के जनता दरबार में 68 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 41 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष समस्याओं का संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह में निराकरण के आदेश दिए गए हैं।
पुराने विकास भवन में आयोजित जनता दरबार में बरम्वाडी के सरपंच दिनेश सिंह ने वन प्रभाग की गुप्तकाशी यूनिट पर पौधरोपण भुगतान नहीं करने और कुंवर सिंह द्वारा खांखरा-डुंगरीपंथ रेंज पर चार माह से मानदेय व मजदूरी नहीं देने का आरोप लगाया। डीएम ने विभाग से जानकारी मांगी है। अगस्त्यमुनि के बाड़व गांव निवासी सरोप सिंह नेगी ने पीएमजीएसवाई द्वारा मोटर मार्ग निर्माण में खेतों के कटान व दबान का मुआवजा और बिजराकोट के बलवंत सिंह गुसांई ने सड़क से हुई क्षति की पूर्ति की मांग की। खरगेड़ निवासी राजी देवी ने बीपीएल राशन कार्ड को एपीएल करने की बात कही। जखोली के गोर्ती गांव निवासी अमरदेई ने नेहरू युवा केंद्र में वर्ष 2019-20 के लिए युवा स्वयं सेवी के लिए चयन के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर, डीएम ने केंद्र से जवाब देने को कहा है। जीआईसी किमाणा-दानकोट की विद्यालय प्रबंधन समिति ने निर्माणाधीन भवन के चारों तरफ सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सरदार सिंह चौहान, एसडीओ महिपाल सिंह सिरोही, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, डीएसओ केएस कोहली, डीएचओ योगेंद्र चौधरी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।