पांच दिवसीय तल्लानागपुर औद्योगिक विकास कृषि एवं पर्यटन महोत्सव का आखिरी दिन कलश साहित्यिक संस्था के कवियों और लोक गायिका हेमा करासी के गीतों के नाम रहा। कवियों ने लोक संस्कृति, धर्म और भ्रष्टाचार आदि पर कविताओं के जरिए कटाक्ष किया। इस मौके पर लकी ड्रॉ के विजेताओं को समिति ने सम्मानित भी किया।
चोपता स्थित चांदधार में आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन कार्यक्रमों का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि नई दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय दरमोला शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ की लोक संस्कृति और रीति-रीवाजों के संरक्षण, संवर्द्धन और प्रचार के लिए प्रवासियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने नई सोच नई पहल योजना के अंतर्गत तल्लानागपुर क्षेत्र के 15 महिला मंगल दलों को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल के अधिवक्ता जयवर्धन कांडपाल ने कहा कि मेले हमारी पौराणिक संस्कृति के प्रतीक हैं। इन्हें जीवंत रखने के लिए इस तरह के प्रयास जरूरी है। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ साहित्यिक संस्था कलश के लोक कवि सम्मेलन से हुआ। संस्था के संयोजक ओम प्रकाश सेमवाल ने आवा बैण्यूं चला मैतु जयौंला दिवारा मां, उमा, फलासी की देवी देखयौला दिवारा मा... कविता के जरिए स्थानीय धार्मिक महत्व के बारे में बताया। मुरली दीवान ने ठेका दीली, शराब दीली, अब छीन ब्वना खराब दीली... कविता के जरिए पहाड़ में बढ़ते शराब के चलन को बया किया। तेजपाल रावत निर्मोही ने बिसिग्यां जब हम अपड़ा कर्मकांडों तैं न केदार जब आपदा... के जरिए आपदा पीड़ितों की स्थिति बताई। लोक कवि जयवर्धन कांडपाल ने आपदा को पुश्ता और भूकंप को बजट खैली... के माध्यम से आपदा राहत के नाम पर हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया। इस मौके पर जगदंबा चमोला, अखिलेश डोभाल, गुंजन वशिष्ठ, दिव्यांशु नेगी ने भी कविता पाठ किया। इसके बाद लोक गायिका हेमा करासी नेगी ने देव स्तुति के साथ मन बकछट, मेरी बामणी आदि गीतों की प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव के समापन पर आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों व कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जीएल टम्टा, एमएस नेगी, दीप राणा, एलएस बत्र्वाल, पंचम सिंह नेगी, संजय चौहान, प्रभा बिष्ट्र, मंजू भदेाला, सोनू वर्मा, कमलकांत कांडपाल, जीएस मेवाल, लक्ष्मण सिंह नेगी, चंद्रबल्लभ चमोला, ग्राम प्रधान बसंती देवी, क्षेपंस अर्जुन सिंह नेगी, गजाधर वशिष्ठ समेत क्षेत्रीय जनता व अन्य लोग मौजूद थे।