रुद्रपुर। शैल सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय उत्तरायणी महोत्सव का का रंगारंग आगाज हो गया। पहले दिन स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। लोक कलाकारों ने नंदा राजजात यात्रा की जीवट प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शनिवार को शैल भवन परिसर में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार ठुकराल और वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लोक कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं की मनमोहन प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया। जन जागृति सांस्कृतिक संगीत एवं नाट्य समिति खटीमा ने नंदा राजजात यात्रा की प्रस्तुति दी। विजडम पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने लग बाडुली, डाली-डाली फूलों की ठंड पाणि, राप्रावि संजयनगर के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकनृत्य चैत की चैतवाली..., सांस्कृतिक मंच चुकटी देवरिया ने फ्योलड़िया, ब्लोमस एकेडमी धर्मपुर ने बेडू़ पाको बारो मासा..., न्यू वुडलैंड एकेडमी ट्रांजिट कैंप ने तेरो मेरो साथ छयो..., टक-टका टक कमला..., स्टोर रिज इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने थल की बाजारा..., जी रया जाग रया..., स्वामी म्यूजिकल एकेडमी बालाजीपुरम कॉलोनी ने जै हो बाला गोनिया..., जी रया जागि रया..., मेरी हीरू लघे रंगीलो पहाड़..., शैल सांस्कृतिक समिति महिला दल ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी।
संचालन हेमंत बिष्ट, समिति महामंत्री दिवाकर पांडे और शिक्षक हरीश दनाई ने संयुक्त रूप से किया। वहां किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एलएम उप्रेती, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, समिति अध्यक्ष भारत लाल साह, दिनेश चंद्र भट्ट, कुंवर सिंह नेगी, गोपाल सिंह पटवाल, नरेंद्र रावत, कीर्तिनिधि शर्मा, डीके दनाई, राजेंद्र बोरा, भाष्कर जोशी, धीरज पांडे, मोहन उपाध्याय, सीबी घिल्डियाल, एमएम बिष्ट, दान सिंह महरा, हरीश मिश्रा, दिनेश बम, सतीश लोहनी आदि थे।
शगुन आखर गीत से हुआ महोत्सव का शुभारंभ
रुद्रपुर। महोत्सव में कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों पर नृत्य ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। गीतों को सुनकर मानों पूरे पहाड़ की लोक संस्कृति तराई में सराबोर हो गई। महोत्सव के शुरू होते ही जानकी तिवारी, सुशीला पांडे और पुष्पा जोशी ने शगुन आखर गीत गाया। वहीं, कार्यक्रम में दौरान लगे पहाड़ी व्यंजनों की स्टॉलों पर लोगों ने तरह-तरह के व्यंजनों का स्वाद लिया।
विधायक ठुकराल ने 21 लाख देने की घोषणा की
रुद्रपुर। उत्तरायणी महोत्सव में पहुंचे अतिथियों ने पर्वतीय संस्कृति को सहेजने के लिए शैल सांस्कृतिक समिति को धन्यवाद दिया। विधायक राजकुमार ठुकराल ने समिति को भवन के लिए विधायक निधि से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार ने मुख्यमंत्री की तरफ से आयोजन के लिए एक लाख रुपये और वन विकास निगम की ओर से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहां भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह सामंती, भारत भूषण चुघ सहित अनेक मौजूद रहे।