रुद्रपुर। खटीमा और सितारगंज में अलग-अलग तीन जगहों पर हुई दो लाख 61 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर अंतरराज्यीय बदमाश समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास लूट में प्रयुक्त दो तमंचे और नकदी भी बरामद हुई है।
सोमवार को एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने लूट का खुलासा करते हुए बताया कि 26 फरवरी को बानूसा झनकट खटीमा के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने खटीमा निवासी साबिर सेे तमंचे के बल पर 66 हजार रुपये लूट लिए थे। दो मार्च को इसी लूट की तर्ज पर दो बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने सितारगंज के कंठगरी कब्रिस्तान मोड़ के पास सितारगंज निवासी अखलाख अहमद से एक लाख 50 हजार रुपये लूटे। तीन मार्च को प्रतापपुर चौकी के पास चार नकाबपोश बदमाशों ने बानूसा झनकट खटीमा निवासी सुरेंद्र सिंह के बैग से 45 हजार रुपये लूट लिए थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस और एसओजी ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।
रविवार को पुलिस ने ग्राम भरौनी निवासी परमजीत उर्फ सोडी के घर पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना नाम परमजीत सिंह उर्फ सोडी, गुरमीत सिंह कांबोज निवासीगण ग्राम भरौनी सितारगंज, सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी पहसौनी नानकमत्ता और बलवंत सिंह उर्फ बंटी निवासी ग्राम बिचई नानकमत्ता और अमीन शाह उर्फ गुड्डू निवासी वार्ड-दो सितारगंज बताया। बदमाशों के पास 88 हजार 300 रुपये नकद और दो तमंचे बरामद हुए। एसएसपी ने टीम को ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की।
शाम ढलते ही करते थे लूट
रुद्रपुर। पकड़े गए बदमाश शाम ढलने के बाद लूट की वारदात करते थे। तीनों घटनाओं का समय सात से आठ बजे के बीच रहा। बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी मददगार साबित हुए। तीनों घटनाओं में एक जैसी बाइकों से पुलिस का शक और गहराता गया। बदमाश पहचान छुपाने के लिए लूट के समय नकाब का इस्तेमाल करते थे। लूट के बाद परमजीत के घर पर रुपये का बंटवारा किया जाता था। वहीं लूट से पहले दुकानों की रेकी की जाती थी।
बदमाशों पर लगेगा गैंगेस्टर
रुद्रपुर। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चारों बदमाशों पर पुलिस गैंगेस्टर की कार्रवाई करेगी। पकड़े गए बदमाशों में परमजीत गैंग का सरगना था। उसी के इशारे पर सभी मिलकर लूट करते थे। परमजीत सितारगंज का हिस्ट्रीशीटर है। जिसके खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत ऊधमसिंह नगर के पांच थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
अपहरण का आरोपी है गुरमीत
रुद्रपुर। ग्राम भरौनी सितारगंज निवासी गुरमीत सिंह कांबोज अपहरण का भी आरोपी है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2008 में गुरमीत ने 25 लाख की फिरौती के लिए एक युवक का अपहरण किया था। इसमें उसके कई परिजन भी शामिल थे।
पीलीभीत पुलिस ने की पूछताछ
रुद्रपुर। पुलिस हिरासत में आए बदमाशों से पीलीभीत पुलिस ने भी पूछताछ की। पीलीभीत में कुछ समय पहले लूट होने पर इस बदमाशों पर शक जाहिर किया गया था। लेकिन पूछताछ में इन बदमाशों की संलिप्ता नहीं मिली। इसके बाद पीलीभीत पुलिस को वापस लौट गई।