राजकीय शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी ने नवनिर्वाचित मंडलीय पदाधिकारियों को सम्मानित किया। शिक्षक नेताओं ने शिक्षा के उन्नयन के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
जीआईसी अगस्त्यमुनि में जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने शिक्षकों की लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। दस वर्ष पूरे होने पर दिए जाने वाले चयन वेतनमान के साथ पद नाम भी बदले जाने और प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के रिक्त पदों पर शत-प्रतिशत पदोन्नति करने की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में मंडलीय अध्यक्ष रवींद्र राणा और मंत्री शिव सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों का कहना था कि वे शिक्षकों की मांगों के निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। दूसरे सत्र में शिक्षा के उन्नयन पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलामंत्री कुलदीप कंडारी के संचालन में हुई गोष्ठी में ललिता रौतेला, जयंती बुटोला, आलोक रौथाण, नरेश जमलोकी, डीएस खत्री, आनंद सिंह जगवाण, विनोद भट्ट, भानुप्रताप रावत, बीबी भट्ट, विजय चमोला, मित्रानंद मैठाणी, रागिनी नेगी आदि मौजूद थे। ब्यूरो