तीन दिवसीय कृषि, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेला शुक्रवार से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेत में काम करने वाली महिलाओं को मनरेगा से मजदूरी दी जाएगी।
महिला उत्थान कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के साथ ही कहा कि सामूहिक रूप से खेती करने वाली महिलाओं को सरकार प्रोत्साहन के रूप में एक लाख रुपये देगी। उन्होंने जिलाधिकारी को जिले में महिला दुग्ध संघ के गठन के निर्देश देते हुए पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने स्टालों का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के बारे में जानकारी ली। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत किया। इस मौके पर जिलाधिकारी रंजना, सीडीओ डीआर जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप थपलियाल, ब्लाक प्रमुख राजकुमारी रावत, सीओ श्रीधर प्रसाद बडोला, ठाकुर गजेंद्र पंवार, वीरेंद्र बुटोला, अंकुर रौथाण, सुमंत तिवारी, महावीर पंवार, डा. नरेंद्र डंगवाल, गोपाल रावत, राकेश काला, शैलेंद्र भारती, गणेश सेमवाल सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीण व स्कूली बच्चे मौजूद थे।
सीएम को याद दिलाई घोषणाएं
जखोली। मेला शुभारंभ पर पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत को डिग्री कालेज जखोली के छात्रसंघ ने उनकी पिछले वर्ष की घोषणाओं की याद दिलाई। छात्रसंघ अध्यक्ष प्रतिमा नेगी ने कहा कि जब सीएम पिछली बार कालेज के वार्षिकोत्सव में पहुंचे थे, तब उन्होंने महाविद्यालय में बीएससी संकाय शुरू करने, महाविद्यालय में चहारदीवारी निर्माण और रिक्त पदों को भरने की घोषणा की थी, लेकिन एक भी घोषणा पर अमल नहीं हुआ है।
लोक गायिका हेमा के नाम रहा पहला दिन
जखोली। तीन दिवसीय मेला का पहला दिन लोक गायिका हेमा नेगी करासी के नाम रहा। बाबा केदार की स्तुति से कार्यक्रम शुरू करते हुए हेमा ने गैंदुआ जागरों की प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। इस मौके पर तबला वादक सौरभ मैठाणी ने भी खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के रंगारंग लोक नृत्य व गीतों के बीच ज्योति प्रकाश, विजय पंत ने गढ़-कुमाऊंनी गीत प्रस्तुत किए।