अगस्त्यमुनि। विकासखंड के एक गांव में बेटी की शादी रुकवाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद पुरसाड़ी जेल भेज दिया है। मामले में पीड़िता युवती ने बीते मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी थी।
दो दिन पूर्व निकटवर्ती गांव की एक युवती थाना अगस्त्यमुनि पहुंची थी। उसने अपने पिता पर उसकी शादी रुकवाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि 18 जनवरी को उसका विवाह होना है, लेकिन उसके पिता जगदीश लाल व बड़ा भाई जगदंबा लाल उसकी शादी रुकवाना चाह रहे हैं, जबकि पिता ने ही यह रिश्ता तय किया था। अब पिता और बड़ा भाई शादी रुकवाने का दबाव डाल रहे हैं। युवती ने अपने पिता पर आरोप लगाया कि उसे बेचने के मकसद से अब शादी रुकवाने के लिए दबाव डाला जा रहा है। साथ ही उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने दूसरी शादी भी की हुई है। तब से वह उसे और उसके छोटे भाई के साथ अक्सर मारपीट करने लगा था। इस डर से वह अपने भाई को लेकर बुआ के यहां जखोली ब्लॉक के थाती गांव रहने आ गई। इधर, थानाध्यक्ष रवींद्र कौशल ने बताया कि आरोपी जगदीश लाल व उसके पुत्र के खिलाफ तहरीर के आधार पर धारा-151 पर मुकदमा दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी के सम्मुख पेश करने के बाद पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है।