मुख्य उद्यान अधिकारी की साइबर ठगों द्वारा बनायी गई फर्जी फेसबुक आईडी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। ठगों ने मुख्य उद्यान अधिकारी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके परिचितों को एसएमएस कर हजारों रुपए ठग लिए। इसकी भनक उद्यान अधिकारी को लगी तो उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
उद्यान विभाग में तैनात मुख्य उद्यान अधिकारी हरीश तिवारी ने बताया कि साइबर ठगों ने उनकी फेसबुक आईडी हैक कर फर्जी आईडी बना दी। ठगों ने उसकी मित्रता सूची में शामिल लोगों को एक-एक कर कई संदेश भेजे। इसमें कई लोगों से खुद बीमार होने व कुछ से बच्चे की तबीयत खराब होने पर 20 हजार, 25 हजार व 50 हजार रुपये तक मांग लिए।
उनके एक-दो परिचितों ने एसएमएस पढ़ते ही दिए गए एकाउंट नंबर में रुपये डाल दिए। एक परिचित ने उन्हें कॉल कर जानकारी ली तो इसका खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि ठगों ने दुर्घटना होने के नाम पर भी रुपये मांगे।
उनके दोस्तों ने जरूरत समझकर तुरंत ठग के बताए अकाउंट नंबर में रुपये डाल दिए। उद्यान अधिकारी ने साइबर सेल में इसकी शिकायत की है। साइबर सेल प्रभारी हिमांशु पंत ने बताया फेसबुक आईडी और अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है। इंटरनेट के माध्यम से आरोपी की पहचान की जा रही है।
विभागीय कर्मचारियों से भी मांगे रुपये
रुद्रपुर। मुख्य उद्यान विभाग अधिकारी हरीश तिवारी की आईडी हैक करने वाले साइबर ठगों ने उनके विभागीय कर्मचारियों से भी रुपये मांगे। कर्मचारियों से गूगल पे पर ऑनलाइन रकम देने की बात गई। कर्मचारियों ने रुपये देने के लिए एक-दो दिन का समय भी मांग लिया था।
साइबर ठग फेसबुक के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। फेसबुक पर रुपये मांगने वालेे लोगों का नंबर होने पर सबसे पहले उससे बात करें। इसके अलावा ऑनलाइन खरीदारी करते समय भी वेबसाइटों का सही प्रयोग करें। साइबर सेल में आने वाली हर शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जा रहा है। - बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी।