राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के 28 सितंबर को प्रस्तावित केदारनाथ भ्रमण को लेकर एमआई-17 हेलीकाप्टर ने केदारनाथ में ट्राइल लैंडिंग की। हेलीकाप्टर ने मंदिर के पीछे बने वीआईपी हैलीपेड और एमआई-26 हेलीपैड पर दो बार लैंडिंग की। एसडीएम ऊखीमठ और सीओ रुद्रप्रयाग ने भी केदारनाथ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शुक्रवार को एमआई-17 हेलीकाप्टर प्रात: सवा नौ बजे केदारनाथ पहुंचा। हेलीकाप्टर ने मंदिर के पीछे बने वीआईपी व एमआई-26 हेलीपैड पर दो बार लैंडिंग करने के बाद केदारपुरी क्षेत्र का एक चक्कर लगाया। इसके बाद करीब 10 बजकर 50 मिनट पर हेलीकाप्टर ने देहरादून वापसी के लिए उड़ान भरी। दूसरी ओर ऊखीमठ के उपजिलाधिकारी उत्तम सिंह चौहान ने केदारनाथ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर समेत गढ़वाल मंडल विकास निगम व अन्य स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस उपाधीक्षक बीएस चौहान केदारनाथ भी पहुंचे। उन्होंने रुद्रा प्वाइंट से लेकर वीआईपी हैलीपेड तक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया जा रहा है।
26 सितम्बर तक पुलिस बल धाम में तैनात हो जाएगा। राष्ट्रपति के भ्रमण को लेकर गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा तैयारियां की जा रही है। नौ कॉटेज पूरी तरह से तैयार कर दिए गए है। इन कॉटेजों में राष्ट्रपति समेत अन्य वीआईपी कुछ समय के लिए रुकेंगे।