रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिले के सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, प्रकृति परीक्षण, योग एवं जीवनशैली परामर्श, औषधीय पौधारोपण के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को आयुर्वेद को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने, योग व प्रकृति परीक्षण अपनाने तथा औषधीय पौधों के संरक्षण और उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय में संगोष्ठी और स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इसमें जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आरएस पाल, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा तिलारा सहित कार्यालय और जिला चिकित्सालय के आयुष विंग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। आयुष विंग जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल कुमार वैद्य ने के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता की जानकारी दी। कार्यक्रमों में 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। संवाद