गौरीकुंड से केदारनाथ व केदारपुरी में बिजली लाइन को व्यापक क्षति पहुंची है। ऊर्जा निगम ने प्रारंभिक तौर पर नुकसान का आकलन 80 लाख तक आंका है। यह आंकड़ा और अधिक भी हो सकता है, क्योंकि अभी भीमबली से केदारनाथ तक भारी बर्फ होने से बिजली लाइन क्षति की स्पष्ट जानकारी नहीं है।
बीते वर्ष 12/13 दिसंबर को हुई सीजन की पहली भारी बर्फबारी में ही गौरीकुंड से केदारनाथ तक 17 किमी रास्ते पर बिजली के पोल, तारें जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त हो गए थे। एलटी व एचटी लाइन व्यापक रूप से क्षतिग्रस्त पड़ी है। वहीं भीमबली से केदारनाथ तक नौ किमी क्षेत्र में भी बिजली लाइन को भारी क्षति पहुंची है, लेकिन यहां कई फीट बर्फ होने के कारण नुकसान का स्पष्ट आकलन नहीं हो रहा है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मोहित डबराल का कहना है कि गौरीकुंड से भीमबली तक बिजली लाइन की मरम्मत के लिए 23 लाख का प्रस्ताव तैयार कर कार्य शुरू कर दिया है। भीमबली से केदारनाथ व केदारपुरी में बर्फ सफाई के बाद नुकसान की सही स्थिति साफ हो पाएगी। पैदल मार्ग व केदारपुरी में नई तारें बिछानी पड़ सकती हैं।